प्रवासी मजदूर ने हाजीपुर के क्वारंटाइन सेंटर में लगाई फांसी, प्रशासन में मचा हड़कंप
हाजीपुर। बिहार के एक क्वारंटाइन सेंटर से बड़ी खबर सामने आयी है। दिल्ली से आए प्रवासी ने क्वारंटाइन सेंटर में फांसी लगा ली है। जिसके बाद प्रशासन में हड़ंकप मच गया है। वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी स्थित अंबेदकर छात्रावास में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर सदर थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद डीएम-एसपी भी क्वारंटाइन सेंटर पहुंचे। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि फांसी लगाने से पहले व्यक्ति मानसिक तनाव में दिख रहा था। मृतक राजेश कुमार दिल्ली से श्रमिक स्पेशल ट्रेन से मंगलवार को ही हाजीपुर आए थे। वे पटेढी बेलसर के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, कल ही मृतक का कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट का बुधवार की शाम तक इंतजार किया जा रहा था। बताया जाता है कि मृतक ने कपड़े का फंदा बनाया और कमरे की खिड़की से लटक गया। जब तक बाकी लोगों की नजर उस पर पड़ती तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना की सूचना तुरंत क्वारंटाइन सेंटर के प्रभारी सहित वरीय अधिकारियों को दी गई। जैसे ही क्वारंटाइन सेंटर में आत्महत्या की सूचना मिली जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सदर थानाध्यक्ष रोहन कुमार दलबल के साथ क्वारंटाइन सेंटर पर पहुंचे और मामले की पड़ताल में जुट गए। घटना के बाद उक्त क्वारंटाइन सेंटर पर सनसनी और डर फैल गया है। बताया जाता है कि आत्महत्या की घटना से पहले मृतक मानसिक तनाव में था।घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।


