January 26, 2026

प्रवासी मजदूरों की मौत की जिम्मेवारी तय करे सरकार, कांग्रेस ने किया धरना-प्रदर्शन

पटना। गुरूवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार पर अपराह्न 2 बजे से 3.30 बजे तक चिलचिलाती धूप में धरना एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना एवं प्रदर्शन में सोशल डिसटेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि इस कोरोना संकट काल में लाखों की संख्या में प्रवासी मजदूर बिहार वापस आ रहे हैं। बहुत दिनों से हताश श्रमिक साधन के अभाव में अपने घर की ओर पैदल एवं बसों, ट्रकों, टेम्पो, रिक्शा, साइकिल, जुगाड़ गाड़ी आदि के माध्यम से अपने घर की ओर चल दिये, उनके साथ बच्चे-महिलाएं, गर्भवती महिलाएं, बुर्जुग और दिव्यांग भी हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूरों की दुर्घटना या भूख से मृत्यु हो गयी। कांग्रेस इस स्थिति में मृतक के परिजनों को सहायता करना चाहती है। साथ ही सरकार से मांग करती है कि इन प्रवासी मजदूरों की मौत की जिम्मेवारी तय की जाय। साथ ही इस दुर्घटना में मृत व्यक्तियों की सूची प्रदेश कांग्रेस को सौंपे। डॉ. झा ने इस संबंध में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव को एक मांग पत्र भी सौंपा है।
धरना एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में विधायक पूनम पासवान, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रजेश पांडेय, सुबोध कुमार, पूर्व विधायक प्रमोद सिंह, लाल बाबू लाल, प्रवक्ता राजेश राठौड़, आनंद माधव, अनिता यादव, रीता सिंह, जयंती झा, अनोखा देवी, सुधा मिश्रा, राजेश कुमार सिंहा, डॉ. धनन्जय शर्मा, सत्येन्द्र बहादुर, डॉ. अशोक गगन, नागेन्द्र कुमार विकल, कुमार आशीष, ब्रजकिशोर सिंह कुशवाहा, वशी अख्तर, अर्जुन सिंह, सौरभ सिन्हा, अमित सिंह, संतोष श्रीवास्तव, राजेश निराला एवं अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।

You may have missed