पोस्टर वार : लालू बने बेरोजगारी हटाओ यात्रा के ड्राइवर, गाड़ी चली होटवार

पटना। जदयू की तरफ से राजधानी पटना में लगाए गए ताजा पोस्टरों में राजद की ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ पर तंज कसता पोस्टर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बता दें बिहार में जदयू एवं राजद के बीच महीनों से जारी पोस्टर वार में रविवार को फिर एक नई कड़ी जुटी गई।
राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बेरोजगारी हटाओ यात्रा पटना के वेटनरी कालेज मैदान से रविवार को शुरू हो गई। इसके पहले जदयू की तरफ से इस यात्रा पर तंज कसते पोस्टर पटना के चौक-चौराहों पर लगाए गए। जिसमें तेजस्वी की यात्रा पर तंज करते हुए बस का ड्राइवर लालू को दिखाया गया है और गाड़ी पटना से होटवार जाती दिखाई गई है। पोस्टर में ‘हाईटेक बस तैयार हुआ, अतिपिछड़ा शिकार हुआ’ लिखा है। पोस्टर तेजस्वी की ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ को ‘आर्थिक उगाही यात्रा’ बताता है। बस में ईंधन भरने वाले पंप कर्मी को चेतावनी दी गई है कि वे सचेत रहें, जालसाजी हो सकती है। बस के सामने के शीशे पर ‘अपनी लाठी अपना परिवार’ लिखकर लालू परिवार को निशाने पर लिया गया है। यहीं नहीं लालू यादव को बस पटना से होटवार ले जाते दिखाया गया है। पोस्टर में आम जनता को लालू प्रसाद से अपनी जमीन व लिफाफा में रकम की पेशकश करते हुए मदद मांगते दिखाया गया है।

You may have missed