पोस्टर वार : लालू प्रसाद एंड फैमिली पर जदयू का हमला, लिखा- ‘एक ऐसा परिवार…’

पटना। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले बिहार में सियासी गहमागहमी के बीच एक बार फिर पटना में राजद-जदयू के बीच पोस्टर वार का दौर शुरू हो गया है। जदयू ने पोस्टर के जरिये रराजद सुप्र्रीमो लालू प्रसाद एंड फैमिली पर हमला बोला है। पोस्टर पर लालू परिवार की तस्वीर के साथ एक स्लोगन भी दिया गया है- ”एक ऐसा परिवार, जो बिहार पर भार”। इस पोस्टर के सामने आने के बाद संभावना जतायी जा रही है कि एक बार फिर पोस्टर के जरिये वार-पलटवार का दौर शुरू हो सकता है। इसके पहले भी जदयू और राजद के बीच ताबड़तोड़ पोस्टर जारी कर एक-दूसरे पर सियासी हमले किये जा चुके हैं।
गौरतलब है कि उक्त बड़े पोस्टर को राजधानी के व्यस्तम चौराहे पर लगाया गया है, जिससे दूर से ही लोगों की नजर पड़ रही है। पोस्टर में लालू प्रसाद को जेल की सलाखों के पीछे दिखाया गया है, साथ ही पोस्टर पर ‘सजायाफ्ता’ और ‘कैदी नंबर-3351’ लिखा है। लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप को विधायक और तेजस्वी यादव को नेता प्रतिपक्ष बताया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को विधानपार्षद और मीसा भारती को राज्यसभा सदस्य बताया गया है।
इस बाबत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री नीरज कुमार का कहना है कि पोस्टर में जो भी दिखाया गया है, वह बिल्कुल सच है। ये परिवार बिहार ही नहीं पड़ोसी राज्य झारखंड पर भी भार है। बता दें कि एक दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए पर कटाक्ष करते हुए केंद्र सरकार को किसान, मजदूर और गरीब विरोधी बताया था, साथ ही कहा था कि किसान विरोधी कानून को जबरदस्ती थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा था कि बेरोजगार, युवा और किसान मिलकर निकम्मी सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

You may have missed