पेट्रोल-डीजल की बढ़ती दरों पर भड़का राजद, कहा- जनता विरोधी है एनडीए सरकार
भागलपुर। पेट्रोल और डीजल के दामों को लगातार 18वें दिन बढ़ोत्तरी पर भागलपुर के राजद नेताओं ने कड़ी आलोचना करते हुए केंद्र की एनडीए सरकार को निशाने पर लिया है। इस बाबत बिहार राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों के बीच काफी आक्रोश व्यक्त व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जिस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय भाजपा नेताओं द्वारा जो बयान दिया जाता था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट है तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कैसे हो जाती है? इसका कोई आधार नहीं है। भाजपा के मंत्री प्रकाश जावेडकर स्मृति ईरानी जैसे नेताओं को शर्म करने की सलाह देते हुए उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल करते हुए पूछा कि उन्होंने उन्होंने आज इस मुद्दे पर चुप्पी क्यों साध ली है?
वहीं जिला परिषद सदस्य सह राजद नेता डॉ. अशोक कुमार आलोक ने बताया कि अभी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में सबसे ज्यादा गिरावट है, फिर भी दुनिया के सभी देशों में सबसे महंगा पेट्रोल और डीजल भारत में मिलता है क्यों, यह समझ से पड़े है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज बिहार बहियार बनकर त्रस्त होकर हाहाकार कर रही है, वहीं दूसरी तरफ हमारे बिहार के मुखिया नीतीश कुमार सत्तालोलुप की लालच में केन्द्र सरकार की गोद में बैठ मस्त होकर केन्द्र सरकार की जय-जयकार कर रही है। कहलगांव प्रखंड के राजद नेता बासुकीनाथ यादव ने कहा कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर अविलंब अंकुश नहीं लगाया गया तो राजद आंदोलन करने पर विवश हो जाएगी।


