पूर्व मध्य रेल के प्रयास से देश-विदेश में लोकप्रिय हुई मिथिला पेंटिंग्स, रोजगार के नये द्वार खुलेंगे
हाजीपुर। उत्तर बिहार के प्रमुख लोक कला मिथिला पेंटिंग्स एवं इस कला से जुड़े कलाकारों को उस समय एक नई पहचान मिली जब पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के मधुबनी स्टेशन को इस कला के माध्यम से सौंदर्यीकृत किया गया, जिसकी देश-विदेश में काफी सराहना की गयी। इसके साथ ही मिथिला पेंटिंग्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल ने दरभंगा और नई दिल्ली के बीच चलने वाली बिहार संपर्क क्रांति के कोचों को इस पेंटिंग्स के माध्यम से सजाया गया। इसके साथ पटना और नई दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस को भी मिथिला पेंटिंग्स से सजाते हुए एक नया लुक प्रदान किया गया।
इन कदमों से मिथिला पेंटिंग्स और उससे जुड़े कलाकारों को देश-विदेश में एक नई पहचान मिली। अब विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि विश्व के अग्रणी देशों द्वारा मिथिला पेंटिंग्स की खूबसूरती से प्रभावित होकर वहां चलने वाले टेÑनों के कोचों को भी इस कला के माध्यम से सजाये जाने की योजना बनायी गयी है। इससे इस कला को जहां एक ओर अब अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी, वहीं इस कला से जुड़े कलाकारों, जिनमें अधिकतर महिलाएं हैं, के लिए रोजगार के नये द्वार भी खुलेंगे।


