December 8, 2025

पुनपुन सुरक्षा बांध में बने खाड़ की नहीं हुई मरम्मत, फतुहा से लेकर मोकामा टाल तक के किसान हैं चिंतित

फतुहा। पिछले वर्ष दरधा नदी में आयी बाढ़ से फतुहा विधानसभा क्षेत्र के अंदर बरामा गांव के पास पुनपुन सुरक्षा बांध में भारी कटाव होने से जो खाड़ बनी गयी थी, उस खाड़ की अब तक मरम्मत नहीं की गई है। आज भी वह खाड़ जस के तस बनी हुई है। जबकि बरसात ने अपनी शुरूआती काल में ही दस्तक देनी शुरू कर दी है। इस स्थिति में फतुहा प्रखंड से लेकर मोकामा टाल तक के किसान काफी चिंतित हैं।
विदित हो कि पिछले साल दरधा नदी में बाढ़ आने के कारण तेज प्रवाह से पुनपुन सुरक्षा बांध में ही कटाव कर खाड़ बना दिया था, जिससे खरीफ फसल के साथ-साथ घर-द्वार की भी काफी क्षति पहुंची थी। किसानों की माने तो जिस तरह से बरसात ने दस्तक दी है तथा यदि बाढ़ आयी तो एक बार फिर से इस इलाके में पानी भर जाएगा और फतुहा से लेकर मोकामा टाल तक बाढ़ से प्रभावित होगा। यदि समय रहते बने इस खाड़ की मरम्मत नहीं की गई तो इस बार फिर से फसलो के साथ-साथ धन-माल की भी क्षति होने की आशंका बनी हुई है। बताते चलें इस इलाके में बाढ़ आने से इसकी पानी मोकामा टाल की ओर प्रवाहित होते हुए लखीसराय के पास गंगा में गिरती है। फतुहा प्रखंड के आत्मा अध्यक्ष विनय सिंह ने बताया कि खाड़ मरम्मती का कार्य जल संसाधन विभाग की है तथा इस बात से अवगत कराया गया था। लेकिन मरम्मत नहीं हो सकी। उनके अनुसार इस संदर्भ में कृषि मंत्री को भी पत्र लिखा गया है ताकि जल्द से जल्द इस खाड़ की मरम्मत किया जा सके।

You may have missed