पीएम पैकेज पर सवाल करने वाले बताएं, राजीव गांधी के पैकेज का क्या हुआ : सुशील मोदी
पटना। आजादी के 53 सालों में बिहार में गंगा नदी पर सिर्फ चार पुल थे। 15 साल जिन्होंने बिहार पर राज किया उनके शासनकाल में सिर्फ एक पुल बना, लेकिन जब से बिहार में नीतीश कुमार की सरकार आई उनके राज में आरा-छपरा, सोनपुर-दीघा पुल बने और चालू हो चुके हैं। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी नौ परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में बोले रहे थे। सुशील मोदी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस सवा लाख करोड़ के पैकेज का एलान किया था, उसके तहत बिहार में छह पुल पैकेज का हिस्सा बनाए गए हैं। छह पुल राज्य सरकार बना रही है। इस प्रकार आने वाले दिनों में गंगा नदी पर लोगों को 17 पुल और 62 लेन प्राप्त हो जाएंगे। हर 25 किमी पर गंगा पर लोगों को एक पुल मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सवाल करते हुए कहा कि कुछ लोग सवाल उठाते हैं कि पीएम पैकेज का क्या हुआ? वैसे लोगों से मैं पूछना चाहता हूं कि राजीव गांधी के पैकेज का क्या हुआ? मोदी ने कहा कि लोग शायद भूल गए होंगे तो बता दूं कि 1989 के लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार दौरे पर आए राजीव गांधी ने 5700 करोड़ के पैकेज का एलान किया था। जबकि वर्तमान में पीएम ने 54700 करोड़ रुपये सिर्फ सड़क प्रक्षेत्र के लिए घोषित किए हैं। उसके तहत 78 योजनाओं का चयन किया गया, जिनमें से 13 पूरी की जा चुकी हैं और 38 प्रगति में हैं।


