February 15, 2026

पटना लाया गया रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर, कार्यकर्ताओं के थम नहीं रहे आंसू, पटना एयरपोर्ट पर हंगामा

श्रद्धांजलि देने पहुंचे कई नेता, नाराज लोजपा समर्थकों ने सुशील मोदी और पप्पू यादव के काफिले को रोका
रामविलास पासवान के दामाद अनिल साधु और बेटी को एयरपोर्ट परिसर में जाने से रोके जाने से बढ़ा हंगामा


पटना/फुलवारी शरीफ (संतोष कुमार/अजीत)। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर वायुसेना के विमान से शुक्रवार देर शाम 8.10 बजे दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचा। जिसके बाद अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पटना एयरपोर्ट पर कई नेता मौजूद रहे। जहां बिहार के तमाम बड़े नेता और सामाजिक कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी,  नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, लोजपा सांसद वीणा देवी, जाप संरक्षक पप्पू यादव श्रद्धांजलि देने पटना एयरपोर्ट पहुंचे। उसके बाद रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को पटना एयरपोर्ट से सीधे विधानसभा ले जाया गया। कल शनिवार को दीघा के जनार्दन घाट पर रामविलास पासवान का अंतिम संस्कार किया जाएगा। रामविलास को मुखाग्नि उनके बेटे चिराग पासवान देंगे। बता दें कि गुरुवार को दिल्ली में रामविलास पासवान का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से बीमार थे और 11 सितंबर को अस्पताल में भर्ती हुए थे। एम्स में 2 अक्टूबर की रात उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी। इससे पहले भी एक बायपास सर्जरी हो चुकी थी।
वहीं लोजपा कार्यालय में तमाम तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा था, लेकिन यहां हर कोई बिलखते हुए तो कोई रामविलास पासवान को याद करते हुए नजर आया। नाराज लोजपा समर्थकों ने पटना एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया। लोजपा समर्थकों ने डिप्टी सीएम सुशील मोदी और जन अधिकार पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव के काफिले को रोका और हो हंगामा किया। लोजपा समर्थक काफी गहंगामा करने लगे।
बताया जा रहा है कि रामविलास पासवान के दामाद अनिल साधु ने हंगामा किया है। उनके साथ कुछ समर्थक भी थे। दरअसल उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने एयरपोर्ट के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। वह अपनी पत्नी व रामविलास पासवान की पहली पत्नी की बेटी आशा देवी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। रामविलास पासवान के दामाद अनिल साधु का कहना है कि क्या उनकी बेटी को भी अपने दिवंगत पिता से मिलने नहीं दिया जायेगा। इतना ही नहीं वैशाली से लोजपा की सांसद वीणा देवी को भी लोजपा समर्थकों ने पटना एयरपोर्ट पर रोका। सुशील मोदी और पप्पू यादव के काफिले के साथ-साथ इसकी भी गाड़ी को एयरपोर्ट के पास रोका गया। इस दौरान सुरक्षाबल लोजपा समर्थकों को हटाने की कोशिश में जुटे हुए रहे।
लोजपा संस्थापक केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को लेकर पटना एयरपोर्ट आने की खबर से ही उनके हजारों की संख्या में समर्थकों का रेला लोजपा कार्यालय के पास जमा था। अपने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर के एक झलक पाने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं को जब सुरक्षाकर्मियों ने रोका तो उनके आंखों से बहते आंसुओं के साथ ही उनके सब्र का पैमाना टूट पड़ा और वे लोग हो हंगामा करने लगे। हो-हंगामा के बावजूद लोजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम अपने नेता के पार्थिव शरीर को जाता देख रामविलास पासवान अमर रहे के नारे लगाते रहे। राज्य के विभिन्न जिलों से आये हजारों लोजपा कार्यकर्ताओं का रेला लोजपा कार्यालय से लेकर एयरपोर्ट, पटना जू और जगदेव गोलंबर से लेकर राजभवन जाने वाली रोड तक जमा था। रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को देख समर्थकों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। कई कार्यकर्त्ता अपने छाती पीट-पीट कर रोते हुए उन्हें विदाई दे रहे थे।

You may have missed