पटना में ‘लॉक डाउन’ के आदेश की धज्जियां उड़ते देख प्रशासन ने संभाला मोर्चा
पटना। कोरोना वायरस जैसे संक्रमित बीमारी से निपटने के लिए पूरी की पूरी सरकारी मिशनरी दिन रात काम कर रही है। बिहार में बिगड़ते हालात को देखते हुए नीतीश सरकार ने बिहार में लाॅक डाउन घोषित कर दिया है लेकिन लोग बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश को नहीं मान रहे हैं। अन्य दिनों की तरह सोमवार को राजधानी पटना की सड़कों पर लोगों की भीड़ देखी गई। मछली, मुर्गा समेत अन्य दुकानें खुली दिखी वहीं राजधानी की सड़कों पर निजी बस भी चलता दिखा। जब मीडिया रिपोर्टों के जरिए यह बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक पहुंची तो वे प्रशासनिक अधिकारियों पर हत्थे से उखड़ गए और उन्होंने साफ साफ कह दिया कि लॉक डाउन को हरसंभव सफल बनाएं। उसके बाद क्या था, पूरे प्रशासनिक महकमा में खलबली मच गई। प्रशासनिक अमला सड़कों पर उतर सड़कों को ब्लॉक करने में जुट गयी है। वहीं दूसरी ओर सब्जी व अनाज के दामों की कालाबाजारी भी तेज हो गई है। सब्जी एवं अनाज विक्रेता ऊंचे दामों पर बिक्री कर रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
मिली खबर के अनुसार पूरा प्रशासनिक अमला सड़कों पर उतर गया है। सड़कों पर बेमतलब वाहन दौड़ाने वाले की जमकर खबर ली जा रही है और उन्हें वापस घर की ओर भेजा जा रहा है। यहां तक कि उनसे बतौर जुर्माना भी वसूला जा रहा है। बता दें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से अपील किया था कि जब इमरजेंसी हो तभी घर से बाहर निकले वरना घर में ही रहे। इसके बावजूद लोग सोमवार को सड़कों पर निकले। जिससे कोरोना वायरस के और विकराल होने की संभावना है। क्योंकि इसी भीड़ को कम करने के लिए और लोगों को इससे बचाने के लिए नीतीश सरकार ने यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लॉक डाउन को गंभीरतापूर्वक लागू करने का आदेश दिया है। बताते चलें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के पटना समेत 118 शहर में तत्काल प्रभाव से लॉक डाउन लागू किया था।

वहीं बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी एसडीएम एवं बाढ थाना अध्यक्ष, बाढ़ प्रखंड के बीडीओ एवं सीईओ के साथ अन्य पदाधिकारी पुलिस बल के साथ 31 मार्च तक लॉक डाउन को ले शहर में घूम कर खुले दुकानों को बंद कराया और सभी तरह के सवारी गाड़ी एवं आम जनता को 31 मार्च तक घर में रहने का आदेश दिया और कहा कि ज्यादा जरूरत पड़े तभी घर से निकलें।

