पटना में लावारिस पशुओं को पकड़ने गई नगर निगम कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, एक घायल
पटना। पटना में नगर निगम कर्मियों पर लोगों ने उस वक्त हमला कर दिया, जब वह लावारिस पशुओं को पकड़ने गए थे। उक्त घटना पुनाईचक सब्जी मंडी के पास पुलिस के सामने हुई है। इस दौरान कई कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई, जिसमें एक कर्मी घायल बताए जा रहे हैं। अगर कर्मी मौके से नहीं भागते तो आक्रोशित लोग उनकी जान भी ले लेते।
बताया जाता है कि सोमवार को पुनाईचक सब्जी मंडी के पास पशु वाहन के साथ नगर निगम के कर्मचारी सड़क पर घूम रहे लावारिस पशुओं को पकड़ने गए थे। कर्मियों ने कई पशुओं को पकड़कर ट्रक में बंद कर दिया था। इसी दौरान पशुओं के मालिक को जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों को एकजुट कर पटना नगर निगम की टीम पर हमला बोल दिया। उग्र लोगों ने नगर निगम के कर्मियों और पशु वाहन के ड्राइवर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। थप्पड़, घूंसा, ईंट और बांस से कर्मियों को जमकर मारा। इस दौरान एक कर्मी का सिर फोड़ दिया गया। घटना के समय पुलिस के जवान मौके पर मौजूद थे। पुलिस के सामने नगर निगम कर्मियों को पीटा गया। उग्र लोगों ने नगर निगम की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान पशु मालिक ट्रक से अपने जानवर को उतारकर ले गए। बाद में पुलिस कर्मियों ने उपद्रव कर रहे लोगों को दौड़ाया। मारपीट के चलते काफी देर तक पुनाइचक सब्जी मंडी इलाके में अफरा-तफरी मची रही।


