पटना में पकरुआ विवाह, दूल्हे को लाने गयी पुलिस को ग्रामीणों का झेलना पड़ा विरोध

फतुहा। रविवार को ठेगुआ गांव में एक पकरुआ विवाह का मामला प्रकाश में आया है। जब पुलिस दूल्हे को लाने गयी तो ग्रामीणों ने यह कहते हुए विरोध कर दिया कि यह शादी लड़के के रजामंदी से हुई है। हालांकि पुलिस दूल्हे को छुड़ाकर वापस लेकर चली गई। बताया जाता है कि नालंदा जिले के कराय परशुराय थाना क्षेत्र से एक लड़के को फतुहा थाना क्षेत्र के ठेगुआ गांव लेकर बीते रात्रि कुछ लोग चले आए तथा रात में ही शादी विवाह करा दिया। जानकारी होते ही लड़के के पिता ने कराय परशुराय थाने में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। वहां की पुलिस स्थानीय पुलिस के सहयोग से ठेगुआ गांव पहुंची तो ग्रामीणो ने पुलिस का विरोध कर दिया तथा कहा कि यह शादी लड़के के रजामंदी से हुई है। विरोध के बीच भी वहां की पुलिस लड़के को छुडाकर ले गयी।
