पटना में छापेमारी करने गई पुलिस पर महिला तस्करों ने की पत्थरबाजी, एक पुलिसकर्मी जख्मी

मसौढी। पटना जिला के मसौढी थाना क्षेत्र के तिनेरी मुशहरी में दारू तस्करों के खिलाफ रविवार की देर शाम तिनेरी मुशहरी पहुंची पुलिस पर महिला तस्करों ने पत्थरबाजी कर हमला बोल दिया। इसमें जिला पुलिस बल का एक जवान घायल हो गया। बाद में थाना से पुलिस बल के पहुंचने पर सभी तस्कर घर छोड़ फरार हो गए। मिली जानकारी के मुताबिेक रविवार की देर शाम पुलिस तिनेरी मुशहरी में दारू तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची। इसी दौरान कुछ महिला तस्कर मकान की छत पर चढ़ गई और पुलिस पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। यह देख पुलिस खुद की सुरक्षा में जुट गई। इसी बीच एक पत्थर थाना के जिला पुलिस बल के जवान उपेंद्र प्रसाद यादव (48) के सिर पर जा लगी और उसका सिर फट गया। बाद में उसे उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर सूचना पाकर थाना से और पुलिस बल पहुंची और तस्करों के खिलाफ छापेमारी कर कई अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दी। हालांकि मौके से सभी तस्कर फरार हो गए। इस बाबत थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

You may have missed