पटना में घर के सामने ही पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक व्यक्ति की मौत
फुलवारी शरीफ। संपत चक के चक बैरिया में मंगलवार की दोपहर एक 45 साल के व्यक्ति की घर के सामने ही पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत हो गयी। मृतक विजय राम, जितेन्द्र कुमार का पुत्र था। घर के सामने ही पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत हो जाने के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया। गड्ढे में डूबने के बाद विजय राम को निकालने के लिए जब तक लोग पानी में छलांग लगाते उसकी मौत हो गयी थी। गड्ढे से लाश निकाले जाने के बाद परिजन लाश से लिपटकर दहाड़ मार रोने-बिलखने लगे। वहीं गांव में मातम पसर गया है। सूचना मिलते ही पहुंची गोपालपुर थाना की पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानेदार आलोक कुमार ने बताया कि मृतक की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। उसके पिता जितेन्द्र राम के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। वहीं भाकपा माले नेता सत्यानंद कुमार ने प्रशासन से मांग किया है कि मृतक के परिवार को आपदा के तहत मिलने वाली मुआवजा की राशि मुहैया करायी जाए।


