September 18, 2025

पटना : प्रेम विवाह के 15 दिन बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या, दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित

पटना। राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के सैदपुर रोड नंबर दो में गुरूवार को 15 दिन पूर्व प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। नवविवाहिता के खुदकुशी करने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी होने पर पहुंची कदमकुआं थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान स्नेहा गुप्ता (25) के रूप में हुई है। मृतका के पिता दिलीप प्रसाद गुप्ता ने उसके पति वीरू महतो के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता दिलीप प्रसाद गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी स्नेहा उर्फ सोनिया ने पीरबहोर थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट के रहने वाले वीरू महतो नाम के युवक से 15 दिन पहले ही प्रेम विवाह किया था। ससुराल में कुछ दिन रहने के बाद स्नेहा अपने मायके वापस आ गई थी। लड़की के पिता ने बताया कि शादी के बाद पति वीरू उनकी बेटी से दहेज की मांग करने लगा। दहेज को लेकर स्नेहा को प्रताड़ित किया जाता था। तब ससुराल में हो रही प्रताड़ना की खबर बेटी ने फोन पर अपने मायके वालों को दी थी। जिसके बाद उसे मायके बुला लिया गया था।
पिता ने आरोप लगाया है कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने बुधवार की रात जहरीला पदार्थ खा लिया। घर वालों ने उसे तड़पता देख देर रात गंभीर अवस्था में पीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां गुरुवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। स्नेहा की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

You may have missed