February 18, 2026

पटना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 9 कुख्यात गिरफ्तार, अवैध हथियार-मोटरसाइकिल बरामद

पटना/बख्तियारपुर। बाढ़ थाना अंतर्गत फतेहचंद डीह के पास हत्या डकैती लूट गृह भेदन एवं वाहन चोरी की दर्जनों घटनाओं में संलिप्त 9 कुख्यात अपराधियों को पटना पुलिस ने अवैध हथियार, गोली एवं गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह पटना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। इन सभी अपराधियों की गिरफ्तारी मोकामा थाना अंतर्गत घोसवरी जाने वाली जीरोमाइल के पास बीती रात्रि हुई है। उक्त कार्रवाई में बाढ, मोकामा, बख्तियारपुर थाना की पुलिस शामिल थी।


पटना के बख्तियारपुर थाना में ग्रामीण एसपी ने संवाददाता सम्मेलन में खुलासा किया कि उक्त सभी गिरफ्तार कुख्यात अपराधी डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए टीम का गठन किया और उक्त अपराधियों को धर दबोचने में सफल रही। गिरफ्तार कुख्यात अपराधियों में संजीव कुमार उर्फ भीम, 26 वर्ष, पिता नरेश महतो, बरगाही टोला, पंडारक, अभिषेक कुमार उर्फ गोलू, 20 वर्ष, पिता शंभू शरण सिंह, पकड़ी बड़ावा, नवादा, प्रफुल्ल कुमार, 22 वर्ष, पिता अलख देव प्रसाद, सादिकपुर, भदौर, पटना, आशीष कुमार उर्फ गोलू, 20 वर्ष, पिता सुनील महतो, बड़हिया, लखीसराय, सुबोध कुमार, 32 वर्ष, पिता रामनरेश प्रसाद, मुकेश प्रसाद, 25 वर्ष, पिता गणेश प्रसाद (दोनों फतेहचंद डीह, बाढ़), संतोष कुमार, 20 वर्ष, पिता कैलू यादव, बड़हिया, लखीसराय, निलेश कुमार, 19 वर्ष, पिता विनय सिंह और रोहित कुमार, 19 वर्ष, पिता शिव महतो (दोनों वीरूपुर, लखीसराय) को एक देसी पिस्टल, तीन देसी कट्टा, 9 जिंदा गोली .315 बोर, 15 जिंदा गोली 7.65 बोर, पांच मोटरसाइकिल, एक शटर एवं ताला काटने वाला बड़ा कटर, लोहे का नुकीला रॉड, गांजा डेढ़ किलोग्राम बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना संजीव कुमार उर्फ भीम है, जो पंडारक थाना के दरगाही टोला का रहने वाला है। इसके खिलाफ पटना एवं नालंदा जिला अंतर्गत दर्जनों हत्या, डकैती, लूट, गृहभेदन एवं वाहन चोरी की कई अपराधिक घटनाओं में वांछित एवं आरोप गठित है।
उन्होंने बताया कि मोकामा थाना अंतर्गत घोसवारी जाने वाली जीरोमाइल के पास बाढ़ थाना अंतर्गत से गिरफ्तार संजीव कुमार की निशानदेही पर चार अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को 3 अपाची मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है। जिसमें सूरज कुमार, 20 वर्ष, पिता भरत राम, बड़हिया, लक्ष्मण कुमार, 19 वर्ष, पिता कमपाली यादव, अमित कुमार, 25 वर्ष, पिता जनक यादव, नवीन महतो, 29 वर्ष, पिता बच्चू महतो (सभी लखीसराय) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं तीन अपाची मोटरसाइकिल दो मोकामा से एवं एक हाथीदह से बरामद की गई है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इसके अलावे बाढ़ अनुमंडल के सकसोहरा थाना क्षेत्र से दो युवक की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें मुकेश कुमार, पिता कपिल गोपाल और पप्पू कुमार, पिता अनिल यादव के पास से लूटे गए मोबाइल का सिम बरामद किया गया है।

You may have missed