पटना पुलिस के सुरक्षा पर सवालः मोकामा में पटना हाईकोर्ट के एडवोकेट के घर डेढ़ माह में दूसरी बड़ी लूट

बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र में लुटेरों ने एक बार फिर पटना पुलिस को चुनौती देते हुए डेढ़ माह के अंदर दूसरी बड़ी लूट को अंजाम देकर पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। लुटेरों ने पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता कुमार मंगलम के परिवार को दूसरी बार निशाना बनाया है।


बताते चलें बीते 28 जनवरी को लुटेरों ने 30 से 35 लाख के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था, तब स्वान दस्ता भी लाया गया था, उक्त मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं रविवार को लुटेरों ने अधिवक्ता कुमार मंगलम के चाचा सतीश नारायण सिंह के घर में तोड़फोड़ मचाते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर प्रशासन को खुली चुनौती दी है।
बताया जाता है कि सतीश प्रसाद सिंह और अधिवक्ता कुमार मंगलम सपरिवार पटना में रहते हैं। उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस के द्वारा खबर दी गई। उनके आने के बाद ही पता चल पायेगा कि लूट कितने की हुई है।


वहीं पीड़ित के भाई उमेश नारायण सिंह ने बताया कि हमारे परिवार को अपराधियों द्वारा टारगेट किया जा रहा है। डेढ़ माह के अंदर दो लूट की घटनाएं हो चुकी है। इसके बाबजूद अपराधी पकड़े नहीं गये हैं। उमेश नारायण सिंह ने इसे चोरी की जगह लूट करार दिया क्योंकि घटना बहुत बड़ी है और एक ही परिवार में दूसरी बार की गई है।

You may have missed