November 12, 2025

पटना पुलिस को चोरों की चुनौती : अब मर्चेंट नेवी में काम करने वाले शख्स के घर से उड़ाई 50 लाख की संपत्ति

पटना। पटना में चोरों ने पुलिस की तमाम सुरक्षा दावे का पोल कर रख दिया है। एक के बाद एक चोरी के बड़े वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। अब चोरी का एक और नया मामला पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के जनक किशोर रोड का है। यहां एक घर में घुस कर चोरों ने कैश समेत 50 लाख से अधिक की संपत्ति पर अपना हाथ साफ कर दिया है। जिस घर में चोरी हुई, वो मर्चेंट नेवी में काम करने वाले सत्येंद्र साह का है। वो खुद यहां नहीं थे। वो इस वक्त देश से बाहर अपनी नौकरी पर थे। घर में उनकी पत्नी रजनी साह और परिवार के दूसरे सदस्य रहते हैं। इस मामले के सामने आने के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जाता है कि सोमवार की शाम सत्येंद्र साह की पत्नी रजनी अपने सास-ससुर से मिलने चली गई थीं। रात में वहीं ठहर गई। उन्होंने घर के मेन गेट को अच्छे से बंद कर दिया था। मंगलवार की सुबह जब वो वापस अपने घर लौटीं तो गेट पर ताला लटका तो मिला, लेकिन वह बदला हुआ था। इस बात का एहसास उन्हें तब हुआ, जब वो चाभी से ताला खोलने का प्रयास कर रही थीं। अनहोनी की आशंका को देख परिवार के दूसरे सदस्यों को कॉल किया। फिर पीछे के रास्ते से किसी तरह घर के अंदर घुसे। अंदर का नजारा देख सबके होश ही उड़ गए। कमरे के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमीरा का लॉक टूटा हुआ था। सामान निकालकर बेड और फर्श पर फेंके मिले। जब सब कुछ मिलाया गया तो घर में रखे 4 लाख कैश, डायमंड रिंग सहित 20 लाख की ज्वेलरी, टीवी व दूसरे कीमती सामान गायब मिले।
परिवार की मानें तो करीब 50 लाख रुपए की संपत्ति चोरी की गई है। मामले की जानकारी मिलने पर कदमकुआं थाना की पुलिस पहुंची। सीसीटीवी की खोज में आसपास के एरिया को खंगाला। रजनी रानी के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

You may have missed