February 11, 2026

पटना : नकली सर्फ बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली सर्फ, उपकरण व रैपर बरामद

मसौढी। पटना जिला के मसौढी थाना पुलिस ने बीते शुक्रवार को गुप्त सूचना पर हुरारी गांव के एक मकान में छापेमारी कर नकली सर्फ बनाने की एक फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने मौके से सर्फ बनाने की मशीन समेत अन्य उपकरण, निर्मित सर्फ, रैपर समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। हालांकि पुलिस के आने की भनक पाते ही कर्मी फरार हो गए। इधर पुलिस ने इस संबंध में दीपक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मसौढी के हुरारी गांव का दीपक कुमार अपने मकान में ही बिना किसी अनुज्ञप्ति के एक्सेल पाउच की तर्ज पर अवैध रूप से सर्फ बनाने की एक फैक्ट्री खोल रखा है और सर्फ बना बाजार में बेच रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपक कुमार के मकान पर छापेमारी की और मकान के उपरी तल्ले पर एक कमरे में संचालित अवैध फैक्ट्री पर धावा बोल दिया। फैक्ट्री के कर्मी वहां से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने मौके से 35-35 किलो का प्लास्टिक का 36 बोरा सर्फ बरामद किया। इसमें 1-1 किलो का तैयार सर्फ का पाउच रखा हुआ था। पुलिस ने मौके से वाशिंग पाउडर के निर्माण में प्रयोग में लाई जाने वाली एक कार्टन केमिकल, प्लास्टिक के 5 बोरे में रैपर, मिक्सचर मशीन, पैकिंग मशीन, इलेक्टॉनिक तराजू, सर्फ बनाने का रैपर, 10 लीटर केमिकल समेत अन्य सामान बरामद किया। इस बीच पुलिस फरार अवैध कारोबारी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

You may have missed