पटना : ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में शराब का धंधा, युवक और युवती गिरफ्तार
पटना। लॉकडाउन में भी शराब का अवैध कारोबार जारी है। सप्लायर एक स्थान से दूसरे स्थान शराब की सप्लाई कर रहे हैं। इसमें अब धंधे को लड़कियां भी अंजाम देने लगी है। ऐसा ही मामला पटना में देखने को मिला। मंगलवार को पटना-गया स्टेट हाइवे पर सोहगी मोड़ के पास एक कार खेत में पलट गई। कार में सवार युवक और युवती को हल्की चोट आई है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो कार में कार्टून में रखा 70 बोतल अंगे्रजी शराब बरामद हुआ। दोनों युवक और युवती पटना के रहने वाले बताए जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक पटना स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल का संचालक है जबकि युवती एक निजी हॉस्पिटल में रिसेस्पनिशट थी। दोनों की मुलाकात हॉस्पिटल में ही हुई थी। धीरे-धीरे दोनों अच्छे दोस्त बन गए। बाद में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में दोनों शराब का धंधा करने लगे। दोनों कई बार हाजीपुर से शराब लेकर पटना आए। मंगलवार को हाजीपुर से शराब लेकर आने के दौरान पटना के प्रवेश मार्ग पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती देखकर दोनों ने गौरीचक होते हुए पटना जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान उनकी गाड़ी दुर्घटना की शिकार हो गई। जब पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार की तलाशी ली तो कार में कार्टून में 70 बोतल अंगे्रजी शराब रखा हुआ था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गौरीचक एसएचओ नागमणि कुमार ने बताया कि कार चालक युवक आदित्य कुमार और इशिता कुमारी पटना के ही रहने वाले हैं।


