December 5, 2025

पटना के 5 थानों की पुलिस ने मिलकर 2 कुख्यात को सैदपुर हॉस्टल से पकड़ा

पटना। पटना के पांच थानों की पुलिस ने पटना यूनिवर्सिटी के सैदपुर हॉस्टल से दो कुख्यात बदमाशों को गुप्त सूचना के आधार पर छापामार कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने में लगे थे। गिरफ्तार अपराधियों के ऊपर कई मामले दर्ज हैं।
सिटी एसपी पूर्वी के अनुसार उन्हें शनिवार की दोपहर एक बजे गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी अभिषेक अपने साथियों के साथ सैदपुर हॉस्टल नंबर एक के कमरा नंबर 12 में छुपा है। वो किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम बनाई गई। टीम को बहादुरपुर के थानेदार इंस्पेक्टर सनोवर नेतृत्व कर रहे थे। टीम में उनके साथ चार अन्य थानों की पुलिस थी। इसमें कदमकुआ, खाजेकला, आलमगंज और अगमकुआं के इंस्पेक्टर शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया 26 साल का अभिषेक बेगूसराय के साम्हो थाना क्षेत्र का रहने वाला है जबकि 21 साल का विवेक दीक्षित फुलवरिया, गोपालगंज का रहने वाला है। दोनों पर पटना के बहादुरपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में विवेक दीक्षित पर मारपीट और जानलेवा हमले का जबकि वर्ष 2018 में अभिषेक पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट के साथ हत्या का मामला भी दर्ज है। तब से ही दोनों की तलाश चल रही थी। छापा के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से एक पिस्टल, मैग्जीन, एक देशी कट्टा के साथ आधा दर्जन से अधिक गोलियां बरामद की है। दोनों का मोबाइल भी जब्त किया है।

You may have missed