पटना के पुनाईचक में बवाल : अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी की पिटाई
पटना। जब-जब राजधानी पटना में अतिक्रमण हटाओ अभियान व्यापक रूप में चलाया गया है, तब-तब बवाल का नजारा दिखा है। अब ताजा मामला राजधानी के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र का है। पिछले कई दिनों से राजधानी के अंदर जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के पुनाईचक इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था। बेली रोड से पुनाईचक जाने वाले रास्ते में दोनों तरफ झोपड़ियों में कई दुकानें अवैध रूप से चल रही थी। इस दौरान जब जेसीबी मशीन से एक झोपड़ी को हटाया जा रहा था, उसी बीच एक व्यक्ति वहां पर पहुंच गया। इस बीच झोपड़ी का ऊपरी हिस्सा उसके ऊपर गिर गया और उसका सिर फट गया।


कुछ लोग मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भड़काने लगे और देखते ही देखते लोग उग्र हो गए। इसके बाद उग्र भीड़ ने नगर निगम के स्टाफ के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उग्र लोगों ने पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी पंकज कुमार के साथ मारपीट की। पिटाई के दौरान उनका चश्मा टूट गया। उग्र लोग का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, वे अतिक्रमण प्रभारी को बंधक बनाने की कोशिश कर रहे थे। जब उग्र लोग हंगामा व मारपीट कर रहे थे, उस दरम्यान जिला प्रशासन और नगर निगम के कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। इस मामले में मजिस्ट्रेट अजय कुमार के बयान पर शास्त्रीनगर थाना में मनोज कुमार समेत दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करायी गई है।
इधर, पाटलिपुत्र की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी के अनुसार, उनकी टीम ही घायल व्यक्ति को इलाज के लिए गार्डिनर रोड अस्पताल ले गई। उसकी हालत ठीक है।

