February 12, 2026

पटना के डॉक्टर्स कॉलोनी में वृद्ध की चाकू घोंप कर हत्या, सभी आरोपित फरार

पटना। राजधानी पटना में लॉक डाउन के बीच अपराधियों ने एक वृद्ध की चाकू घोंप कर हत्या कर दी है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। बाईपास थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी में वृद्ध के पेट में चाकू गोदने के बाद ईंट से प्रहार किया गया है। मृतक की पहचान टुनटुन महतो (65) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया है। मृतक के बेटे ने चार लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
मृतक के पुत्र सिनोद कुमार ने बताया कि उसके पिता टुनटुन महतो का शव गुरुवार की सुबह बाईपास थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी के पास खेत में मिला। उसने आरोप लगाया है कि पिता को चार लोगों ने पहले शराब पिलाई फिर उनके पेट में चाकू गोद दिया। जब अपराधियों को लगा कि वे जिंदा है, तो इसके बाद ईंट से प्रहार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपित उनके शव को खेत में ही छोड़कर भाग गए। मृतक के पुत्र ने चार लोगों कालिया, मिथिलेश फैमिन और एक पर हत्या करने का शक जताया है। वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं किसी अप्रत्याशित घटना को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है। इधर, मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य किसी तरह की रंजिश की बात नहीं स्वीकार रहे हैं। हालांकि घटना को लेकर कई तरह की बात सामने आ रही है।
बाईपास थाने की पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला किसी पुराने विवाद में हत्या करने का लगता है। मृतक के पुत्र की शिकायत के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनके गिरफ्त में आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।

You may have missed