February 16, 2026

पटना के ईंट व्यवसायी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा : साढू ने सुपारी किलर्स से कराई थी हत्या

मुजफ्फरपुर। बीते 13 दिसंबर को मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पानापुर ओपी क्षेत्र के रघई पुल के निकट पटना के ईंट व्यवसायी योगेंद्र कुमार की हत्या उसस वक्त कर दी गई थी, जब वे अपने पैतृक गांव पूर्वी चंपारण जिला के राजेपुर थाना के नकरदेवा गांव से अपनी भतीजी की शादी में भाग लेने के बाद स्कार्पियो से पटना लौट रहे थे। इस हत्याकांड पर से पर्दा हाते हुए सिटी एसपी राजेश कुमार ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मौके पर डीएसपी पूर्वी मनोज कुमार पांडेय भी मौजूद थे।
सिटी एसपी राजेश कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में संवाददाताओं को बताया कि पटना के ईंट व्यवसायी योगेंद्र कुमार की हत्या उनके सगे छोटे साढू मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के चतुरसी गांव निवासी कृष्णमुरारी ने सुपारी किलर्स से कराई थी। हत्या का कारण जमीन की खरीद-बिक्री का विवाद बताया जा रहा है। इस मामले में शूटर शिवहर जिला के तरियानी गांव निवासी रतन कुमार, सीतामढ़ी जिला के भोरहां गांव निवासी शांतनु कुमार सिंह , सिवाईपट्टी गांव के मिथुन कुमार व चतुरसी गांव के मिंटू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिंटू हत्या आरोपित कृष्णमुरारी का भाई है। इसके पास से एक पिस्टल, दो कट्टे व तीन कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं हत्याकांड में प्रयुक्त दोनों बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है। जबकि कृष्णमुरारी सहित अन्य आरोपित फरार हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि पटना में योगेंद्र की लगभग दो कठ्ठा जमीन है। उसे उसका छोटा साढू खरीदना चाह रहा था। इसके लिए उसने रुपया भी दे दिया था। योगेंद्र जमीन रजिस्ट्री नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शिवहर में इस हत्याकांड की पहले पूरी साजिश रची गई। हत्याकांड से पहले योगेंद्र को फोन कर उससे 50 लाख रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर शिवहर के नारायण सिंंंह जैसा हश्र करने की धमकी दी गई थी। गोली मारने वाले शांतनु की पहचान घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसी कैमरे की फुटेज में उसकी जैकेट से हुई। पुलिस ने उसके घर से जैकेट बरामद कर लिया है। डीएसपी पूर्वी के नेतृत्व में पानापुर ओपी, मीनापुर व सिवाईपर्टी थानाध्यक्ष की टीम ने इस हत्याकांड का उदभेदन किया है।

You may have missed