पटना एम्स में कोरोना से फोटोग्राफर कृष्ण मोहन शर्मा एवं कांग्रेस नेता मुशर्रफ अली समेत 6 की मौत, नेताओं ने जताया शोक
फुलवारी शरीफ। पटना एम्स में गुरूवार को फोटोग्राफर व बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य कृष्ण मोहन शर्मा एवं कांग्रेस नेता मुशर्रफ अली समेत 6 लोगों की मौत कोरोना से हो गयी, जबकि नए मरीजों में 11 मरीजो की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है। एम्स कोरोना नोडल आफिसर डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक, पटना एम्स में पटना खाजेकला के 87 वर्षीय माईकल एलफोंस, बांका के 65 वर्षीय महबूब आलम, बोरिंग रोड के 65 वर्षीय रामनाथ साह, खाजेकला के 55 वर्षीय ओम प्रकाश मालाकार, टाइम्स आफ इंडिया के फोटोग्राफर 64 वर्षीय कृष्ण मोहन शर्मा एवं कांग्रेस लीडर व सुरसंड से राजद विधायक अबु दोजाना के बड़े भाई 63 वर्षीय मुसर्रफ अली की मौत हो गयी है। वहीं गुरूवार को एम्स के आइसोलेशन वार्ड में 11 नये मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिसमें पटना, भागलपुर, दरभंगा, बेगुसराय, पूर्णिया के मरीज शामिल हैं। इसके आलावा एम्स में 16 लोगों ने कोरोना को मात दे दिया, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
अश्विनी चौबे ने शोक व्यक्त किया
फोटो पत्रकार कृष्ण मोहन शर्मा के निधन पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शोक व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अजीब संयोग है कि आज ही स्व. शर्मा का हालचाल जानने और इलाज की बेहतरी के लिए पटना एम्स को उन्होंने निर्देश दिया था। श्री चौबे ने कहा कि स्व. शर्मा अत्यंत ही कर्मनिष्ठ, लगनशील, मेहनती और सरल हृदय के व्यक्ति थे। अपने मेहनत के बल पर उन्होंने फोटो पत्रकारिता के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया था। जबसे उन्होंने इस क्षेत्र में अपने कैरियर की शुरूआत की थी, उसी समय से मेरा उनसे व्यक्तिगत संबंध रहा था। बिहार के राजनीति और प्रशासन के क्षेत्र का शायद ही कोई व्यक्ति उन्हें नहीं जानता हो। उनके निधन से फोटो पत्रकारिता के क्षेत्र में एक बड़ी रिक्तता आ गई है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनके आत्मा को शांति और इस पीड़ा की घड़ी में परिवार के सदस्यों के इसे सहने की शक्ति प्रदान करें।
भाजपा नेताओं ने शोक व्यक्त किया
भाजपा के युवा नेता अर्जित शाश्वत चौबे, भाजपा लघु उद्योग मंच के प्रदेश संयोजक संजय सिंह, सह संयोजक मनीष तिवारी, बक्सर से भाजपा प्रत्याशी परशुराम चतुर्वेदी, शंभू पांडेय, वेद प्रकाश और नितिन मुकेश ने भी कृष्ण मोहन शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। एक संयुक्त बयान में इन नेताओं ने कहा कि श्री शर्मा उच्च कोटि के फोटो पत्रकार और सरल हृदय के व्यक्ति थे। इनके असमय निधन से पत्रकारिता और समाज को निश्चित तौर पर बहुत बड़ी क्षति पहुंची है। ईश्वर इनकी आत्मा को शांति दे।
लोजपा ने दुख प्रकट की
लोक जनशक्ति पार्टी के बिहार प्रदेश के मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वरिष्ठ छायाकार कृष्ण मोहन प्रसाद के निधन पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चिराग पासवान, बिहार लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रिंस राज, सांसद पशुपति कुमार पारस, प्रधान महासचिव डॉ. शाहनवाज अहमद कैफी, मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू ने इनके निधन पर दुख प्रकट की। श्री चिराग ने कहा कि कृष्ण मोहन प्रसाद के परिवार के साथ लोजपा का पूरा परिवार इस विकट परिस्थिति में साथ खड़ी है।


