पंचायती राज दिवस पर पीएम मोदी ने की जहानाबाद के मुखिया से बात
जहानाबाद। पंचायती राज दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जहानाबाद जिले के धरनाई पंचायत के मुखिया अजय सिंह यादव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बात की। जिससे मुखिया अजय सिंह यादव खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने मुखिया से पूछा कि आपके गांव के लोग भी दूसरे राज्यों में फंसे होंगे या कई लोग आए होंगे, ऐसे में लॉकडाउन का कैसे पालन हो रहा है। इस पर मुखिया ने बताया कि बाहर फंसे सभी लोग गांव आना चाहते हैं। हम उन्हें बताते हैं कि अगर अभी गांव लौटे तो 14 दिन क्वारंटाइन किया जाएगा। इस पर लोग कहते हैं कि जब लॉकडाउन खत्म होगा तभी गांव आएंगे।
पीएम मोदी ने मुखिया अजय यादव से पूछा कि क्या लोग आपकी बात मानते हैं? इस पर अजय ने बताया कि सभी लोग बात मान रहे हैं। उन्होंने अजय को सुझाव दिया कि जो लोग गांव के बाहर फंसे हैं उनसे बात करते रहें। इससे उन लोगों का मन हल्का होगा। अजय ने पीएम को बताया कि वह अपने क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन करवा रहे हैं। अपने इलाके में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया है। लोगों के बीच साबुन बांटे और हर तीन घंटे में हाथ धोने को कहा। गांव में 30 बेड का क्वारंटाइन सेंटर बनाया है। बेवजह बाहर निकल रहे लोगों को रोका जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरा सहयोग कर रही है।


