RJD का तंज : 20 लाख रोजगार देने की घोषणा नये कलेवर में पुराना जुमला
पटना। भाजपा द्वारा बिहार चुनाव के दौरान किए गए 20 लाख रोजगार देने की घोषणा पर अमल करते हुए बीते मंगलवार को नीतीश कैबिनेट ने इस पर मुहर लगा दी है। अब इस पर राजद ने तंज कसा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने राज्य मंत्रिमंडल द्वारा 20 लाख रोजगार देने की घोषणा को महज जुमलेबाजी करार देते हुए कहा है कि पुराने जुमले को ही नये कलेवर में परोसा गया है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि एनडीए सरकार चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाने का महज झांसा देने के लिए जुमला साबित हो चुके अपनी पुरानी घोषणाओं को ही नये कलेवर के साथ दुहरा रही है। इसमें पूर्व घोषित कार्यक्रमों मुख्यमंत्री कामगार उद्यमी सह रोजगार सृजन योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) को दुहराने के अलावा नया कुछ है हीं नहीं।
राजद प्रवक्ता ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री कामगार उद्यमी सह रोजगार सृजन योजना की घोषणा की गई थी। जिसमें कार्यशील पूंजी के रूप में 10 लाख रूपये देने का प्रावधान किया गया था। जिसके लिए सभी जिलों में सामान्य सुविधा केन्द्र (सीएफसी) खोलना था, पर मुख्यमंत्री की यह घोषणा मात्र जुमला बन कर रह गया और अब तक एक भी बेरोजगार को इसका लाभ नहीं मिला।
राजद प्रवक्ता ने आगे बताया कि इसी प्रकार रोजगार सृजन के नाम पर केन्द्र सरकार का प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) कार्यक्रम है। जिसके तहत उद्योग लगाने के लिए 25 लाख और सेवा क्षेत्र के लिए 10 लाख रूपया देने का प्रावधान है। जिसमें लगभग 9 लाख रूपया सब्सिडी देने की घोषणा की गई थी, पर यह कार्यक्रम भी मात्र जुमलेबाजी बन कर रह गई।
गत विधानसभा चुनाव में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पहल पर चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा नौकरी और रोजगार बन गया था। मजबूरी में भाजपा ने 19 लाख नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया था, पर नवगठित नीतीश सरकार नौकरी के सवाल पर अभी तक चुप्पी साधे हुए है जबकि भाजपा के दवाब में 20 लाख रोजगार देने की जुमलेबाजी कर बेरोजगार नौजवानों को झांसा देना चाह रही है।


