February 12, 2026

नीतीश सरकार की वजह से बिहार के 14.5 लाख लोगों को नहीं मिल रहा राशन का लाभ : चिराग

पटना। कोरोना की वजह से पूरे देश लगे देशव्यापी लॉक डाउन के कारण लोगों के बीच खाद्य संकट गहरा गया है। इस बीच बिहार के राशन कार्डधारियों और बगैर राशन कार्डधारियों को इस आपदा की घड़ी में राशन उपलब्ध कराने के लिए विपक्ष के लगातार दबाव बनाने के बाद सरकार गरीबों को राशन देकर कुछ राहत देने का काम कर रही है। लेकिन इस दौरान एनडीए के घटक दलों में से एक लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने ही बिहार सरकार पर आरोप मढ़ दिया है। उनके इस बयान के बाद यह तय है कि बिहार में एक बार फिर गरीबों और गरीबी पर राजनीतिक रोटी सेंकने का चलन जोर पकड़ेगा। चिराग ने कहा कि करीब 14 लाख लोगों का नाम बिहार सरकार को राशन कार्ड धारकों की सूची में जोड़ना था, मगर बिहार सरकार ने केंद्र को अब तक सूची नहीं दी है, जिसकी वजह से उन्हें राशन का लाभ नहीं मिल रहा है।
चिराग पासवान ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, ‘जिनका नाम राशन कार्ड लिस्ट में नहीं है वह काफी दिक़्कत में हैं। बिहार में लगभग 14.5 लाख लोगों को इससे जोड़ा जाना है लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक लाभार्थियों की सूची केंद्र को नहीं दी है, जिससे उन्हें राशन का लाभ नहीं मिल रहा है। मुझे विश्वास है जल्द नीतीश कुमार जी इस पर कदम उठाएंगे।’

उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, लॉकडाउन में केंद्र सरकार ने तमाम प्रदेशों से बचे हुए लगभग 39 लाख राशन कार्ड धारकों की सूची जल्द भेजने को कहा है, जिसमें बड़ी संख्या लगभग 14.5 लाख बिहार प्रदेश के लाभार्थियों की है। केंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों के बाद भी बिहार सरकार ने अभी तक सूची नहीं भेजी है।’

बता दें बिहार में बहुत बड़ी आबादी ऐसी है, जिसका नाम राशन कार्ड से अब तक नहीं जुड़ पाया है। इसकी वजह से इस संकट के दौर में वे इस लाभ से वंचित हैं।

You may have missed