November 13, 2025

नीतीश कुमार ने बना दिया है बिहार को भ्रष्टाचार का प्रयोगशाला : राजेश राठौड़

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 15 वर्षों से बिहार को भ्रष्टाचार का प्रयोगशाला बना रखा है। बिहार कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि नीतीश सरकार में पिछले 15 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के इतने घोटाले हुए हैं कि नीतीश सरकार को भ्रष्टाचार का पर्यायवाची भी माना जा सकता है। नीतीश सरकार के भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए राठौड़ ने कहा कि नीतीश सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है। सृजन, शौचालय, छात्रवृत्ति, पोशाक, डीपीआर, दवा, धान खरीद, शिक्षा विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के दर्जनों विभिन्न प्रकार के घोटालों ने यह साबित कर दिया है कि सीएम नीतीश ने अपनी सरकार में भ्रष्टाचार को पालपोस कर विशालकाय दैत्य के रूप में स्थापित कर दिया है। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे होने के डर से नीतीश सरकार बिहार में जनादेश का अपहरण कर भाजपा के साथ मिल गए थे। क्योंकि भाजपा नीतीश कुमार के भ्रष्टाचार को भलीभांति जानती थी। इस भ्रष्टाचार में भाजपा में नीतीश कुमार की पार्टनर रही है, इसलिए आज चाहकर भी दोनों पार्टी एक-दूसरे से अलग नहीं हो पाती है। नीतीश सरकार के भ्रष्टाचार की वजह से बिहार की आम आवाम सदैव पीड़ित-उत्पीड़ित रही है। इस चुनाव में बिहार की जनता नीतीश सरकार को पूरी तरह से विदा कर देगी। राजेश राठौर ने कहा कि नीतीश सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार की जनता इस बार महागठबंधन को दो तिहाई बहुमत के साथ विजय बनाएगी।

You may have missed