February 17, 2026

नियोजित शिक्षकों के साथ सम्मानजनक समझौता कर तुरंत निर्णय ले राज्य सरकार : कांग्रेस

पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने राज्य सरकार द्वारा नियोजित शिक्षकों पर दमनात्मक कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। डॉ. झा ने राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों पर प्राथमिकी एवं बर्खास्त करने की कार्रवाई पर कहा कि जब राज्य सरकार एक तरफ नियोजित शिक्षकों के वेतन में वृद्धि की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उन शिक्षकों पर लगातार दमनात्मक कार्रवाई हो रही है। डॉ. झा ने कहा कि राज्य सरकार इस तरह की दोरंगी नीति को छोड़कर, नियोजित शिक्षकों के साथ सम्मानजनक समझौता कर उनकी उचित मांगों पर विचार-विमर्श करके तुरंत निर्णय ले। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों की हड़ताल की वजह से राज्य के प्राथमिक, मध्य एवं हाईस्कूल में शिक्षण कार्य ठप हैं एवं छात्रों के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। कहा कि वित्त रहित कॉलेज एवं स्कूल शिक्षकों के साथ भी सम्मानजनक समझौता होना चाहिये।
डॉ. झा ने कहा कि साढ़े चार साल पहले नियोजित शिक्षकों के सेवा शर्त, नियम आदि के लिए गठित कमिटी ने अभी तक अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। राज्य सरकार को शिक्षकों के निर्वाचित प्रतिनिधि से वार्ता कर उनकी समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिये।

You may have missed