नालंदा से शव जलाने बाढ़ आ रहा बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 6 घायल
बाढ। लॉक डाउन के बीच नालंदा से पटना जिला अंतर्गत शव जलाने बस से दर्जन भर लोग सवार होकर आ रहे थे कि बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 3 लोगों को पटना रेफर किया गया है। वहीं तीन अन्य व्यक्तियों का अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि नालंदा जिला के सिलाव स्थित धरहरा गांव से एक मृत व्यक्ति का शव जलाने के लिए दर्जनभर व्यक्ति बस से बाढ़ स्थित उमानाथ मंदिर आ रहे थे कि इसी बीच बस के ड्राइवर ने संतुलन खो बैठा और बस सड़क किनारे एक पोल से जा टकराई, जिससे बस के ऊपर सवार 7 लोग बस से नीचे जमीन पर गिर गए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, दुर्घटना में मारा गया व्यक्ति धरहरा का मिथुन पासवान, 20 वर्ष बताया जाता है। लेकिन बस के अंदर बैठे किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की चोटें नहीं आई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर दल बल के साथ पहुंचे बाढ़ थाना अध्यक्ष ने सभी 6 घायलों को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां 3 लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें पटना रेफर कर दिया गया जबकि तीन अन्य व्यक्तियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। उक्त घटना बाढ़ के काजी चक मोहल्ले में घटी है। वहीं घटना के बाद बस ड्राइवर बस छोड़कर फरार हो गया है। घटना में मारे गए व्यक्ति के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।


