BIHAR : नालंदा के हिलसा में अपर जिला जज पर लफंगों ने किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के योगीपुर रोड में गुरुवार की शाम लफंगों ने एक जज पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए जानलेवा हमले में हिलसा के अपर जिला जज तो बच गए, लेकिन उनका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमा में खलबली मच गई है। लफंगों का सुराग पाने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
घटना से आहत अपर जिला जज जयकिशोर दुबे ने बताया कि हर रोज की तरह आॅफिस बंद होने के बाद वे वाहन से आवास लौट रहे थे। इसी दौरान योगीपुर रोड में एक बाइक सवार ने उनके वाहन की दाहिनी तरफ पीछे से टक्कर मारी। आवाज सुनने के बाद वाहन रोककर चालक संजय कुमार उतरा और बाइक सवार को कुछ बोला। फिर दोनों के बीच कहा-सुनी होने लगी। इसी दौरान कोर्ट से अपने-अपने घर लौट रहे अन्य स्टाफ भीड़ देख वहां रूक गए और बाइक सवार को अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद लोगों ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती, उससे पहले एक दर्जन से अधिक बाइक सवार वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए रोड़ेबाजी करने लगे। रोड़ेबाजी होते देख भीड़ में शामिल लोगों के बीच भगदड़ मच गई। इसी बीच कोर्ट कर्मियों के चंगुल में रहे बाइक सवार खुद को छुड़ा लिया और साथियों के सहयोग से चालक की जमकर पिटाई करने लगा। किसी प्रकार चालक भागकर वाहन में आ बैठा और तेजी से वाहन लेकर निकल भागा। वाहन पर हुए हमले से घबराकर थाना पहुंचे अपर जिजा जज को डीएसपी कृष्ण मोहन ने अपनी सुरक्षा में ब्लॉक कॉलोनी क्वार्टर तक पहुंचाया। वहीं जैसे ही मौके से वाहन निकली, बाइक सवारों की भीड़ से फायरिंग की जाने लगी। लोगों द्वारा चार राउंड फायरिंग की बात बता कही जा रही है। हालांकि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है। मौके पर थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद अन्य पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ योगीपुर रोड पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। इस दौरान कारतूस का एक खोखा के साथ-साथ कई मजबूत साक्ष्य भी हाथ लगे हैं।


