नागरिकता संशोधन कानून को ले जागरूकता अभियान चलायेगी महिला विकास मंच
पटना। नागरिकता संशोधन कानून 2019 को लेकर जहां एक ओर पूरे देश में आक्रोश है, वहीं, पटना में बीएन कॉलेज के पास महिला विकास मंच की ओर से जगरूकता अभियान चलाया गया। मौके पर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए एक सप्ताह तक बिहार के कोने-कोने में मंच द्वारा जागरूकता अभियान चलाने का फैसला लिया गया। मंच की महिलाओं ने कहा कि देश में कानून को बिना समझे लोग हिंसा पर उतर आये हैं, जो गलत है। मंच की राष्ट्रीय संरक्षक वीणा मानवी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून में बदलाव को लेकर किसी भी भारतीय नागरिक चाहे वह किसी भी धर्म के हो, उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। यह कानून देश के बाहर से आने वाले उन लोगों के लिए है, जो बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में प्रताड़ित हैं। इससे देश के लोगों को कोई खतरा नहीं है। इसलिए देश के सभी नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी तरह के अफवाहों में ना फंसे हैं। वहीं, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फाहिमा खातून ने कहा कि उक्त कानून को बिना समझे उस पर कोई प्रतिक्रिया सही नहीं है। इस कानून के नाम पर मुसलमानों को गुमराह किया जा रहा है, जिससे बचने की जरूरत है। इस अभियान में मंच की राष्ट्रीय प्रवक्ता सरोज जयसवाल, रंजना गुप्ता, सोनल सिंह, उषा सिन्हा, प्रियंका सिन्हा, सीमा सिंह, प्रज्ञा भारती, निशी जायसवाल, मनीषा गुप्ता और पूनम चौधरी हैं।


