February 25, 2026

नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार की बातें विरोधाभास से भरी हुई : पप्पू यादव

पटना ( अजीत )। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक समय भाजपा से गठबंधन तोड़ने के बाद कहा था कि मिट्टी में मिल जायेंगे लेकिन भाजपा और आरएसएस से हाथ नहीं मिलाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि बिहार में कोरोना वायरस महामारी से लड़ने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। अब मोदी जी नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे है। मोदी जी की कौन सी बात मानी जाए? ये स्पष्ट कर दें। उक्त बातें जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने अपने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कही।
राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश सिंह के बारे में पप्पू यादव ने कहा कि हरिवंश जी का नाम काले अध्याय में लिखा जाएगा। उन्होंने किसानों के मुद्दे को दबा दिया। सीएम नीतीश पर हमला बोलते हुए जाप अध्यक्ष ने कहा कि इंडियन करप्शन सर्वे के अनुसार बिहार की आधी आबादी ने कम से कम दो बार रिश्वत दी है। पिछले 15 साल में बिहार को अपराध और भ्रष्टाचार में नंबर 1 बना दिया है। सबसे ज्यादा अपराध बिहार में होता है।
नीति आयोग के अलग-अलग रिपोर्ट का जिक्र करते हुए श्री यादव ने कहा कि इंक्रीमेंटल परफॉरमेंस इंडेक्स में बिहार अंतिम स्थान पर है। एसडीजी इंडिया इंडेक्स में 27 बड़े राज्यों में हमारा सबसे निचले पायदान पर है। गरीबी में देश में 26वें और भूख में 25वें स्थान पर है। पप्पू यादव ने आगे कहा कि गंगा पर बनने वाले पुल का शिलान्यास तीन बार किया गया है। ये चुनाव के समय जनता को धोखा दे रहे हैं। प्रधानमंत्री स्मार्ट सिटी, आदर्श ग्राम योजना, उत्तर बिहार में बाढ़, नमामि गंगे मिशन, पलायन, प्रदूषण, पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने, मगध में पीने के पानी, विशेष राज्य, जीएसटी के बकाए पैसा पर क्यों नहीं बोलते?

You may have missed