धमाकों से दहला पटना, सिलेंडर या बम विस्फोट को ले पुलिस-लोगों में ठनी, पढ़े पूरी खबर
पटना। राजधानी पटना के गांधी मैदान इलाके में सोमवार की सुबह एक मकान में जोरदार विस्फोट में सात लोग घायल हो गए हैं, जिसमें से दो की हालत गंभीर बतायी जाती है। इस विस्फोट की घटना में दो घर पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके हैं। जबकि आसपास के करीब 6 मकान की खिड़कियां टूट चुकी है। सभी घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि धमाका का आवाज इतना जोरदार था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। इस घटना में अब दो बाते सामने आ रही है, जहां पटना पुलिस इसे गैस सिलेंडर विस्फोट बता रही है, वहीं स्थानीय लोग एक सुर में कह रहे है कि पुलिस साफ तौर पर झूठ बोल रही है। सिलिंडर फटता तो आग लगती, बदबू आती, लेकिन सिलिंडर का कोई अवशेष नहीं मिला है, ना ही आग लगने जैसी कोई बात है।
मिली जानकारी के मुताबिक गांधी मैदान थाना क्षेत्र के सालिमपुर अहरा मुहल्ले के गली नंबर एक स्थित एक घर में सोमवार की सुबह तकरीबन 8 बजे दो बार जोरदार बम विस्फोट हुआ। जिस घर में विस्फोट हुआ है, उसके गृहस्वामी बैजनाथ महतो हैं। घर में बैजनाथ की मां अंजली देवी, पत्नी रेखा, बेटी माही, मनीषा, बेटा अंश रहते हैं। विस्फोट के बाद सभी घायल हैं, जिसमें अंजली देवी और एक बच्ची की हालत नाजुक बतायी जा रही है। इसके साथ ही एक किराएदार तारकेश्वर पांडेय भी घायल है। आसपास के लोगों ने बताया कि अहले सुबह आंख खुलते ही लोग अपने काम में लगे थे कि जोरदार धमाका हुआ, जिससे उन्हें लगा कि भूकंप आ गया हो। फिर शोरगुल मचा कि गैस सिलिंडर विस्फोट कर गया है। लेकिन, फिर दोबारा धमाका होने के बाद असापास के लोग घरों से बाहर निकल आए और देखा कि पास का घर पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। आनन-फानन में लोगों ने घर के अंदर घायल पड़े लोगों को बाहर निकाल पीएमसीएच में भर्ती कराया। घटना में सात लोग बुरी तरह से घायल हैं, जिसमें एक वृद्धा सहित एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाबत लोगों ने बताया कि इस मकान में एक किराएदार रहता है वो आॅटो रिक्शा चलाता है। वहीं मकान मालकिन नीतू देवी ने बताया कि आटो रिक्शा चालक उनके घर में किराएदार पिछले दो महीने से रह रहा था। किराएदार के बारे में मकान मालिक को भी कोई खास जानकारी नहीं है। उसके आटो में कल रात उसे एक बैग मिला था। वह बैग लेकर घर आ गया था। सुबह जब उसने बैग खोला, उसके बाद यह घटना घटी। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस अधिकारी नहीं कर रहे हैं।
सिलिंडर ब्लास्ट या बम विस्फोट
इस मामले में सिटी एसपी का कहना है कि हो सकता है घर में रखा छोटा सिलिंडर फट गया होगा, जांच की जा रही है कि बम विस्फोट था या सिलिंडर ब्लास्ट किया है। जबकि धमाका बेडरूम में हुआ है। बाथरूम-टॉयलेट बेडरूम से अटैच हैं, जबकि सिलेंडर और चूल्हा किचन में रखा है और सही सलामत है। अगर गैस सिलेंडर फटेगा तो कमरे में आग लग जायेगी। आग नहीं लगी है। वहीं एसएसपी का कहना है कि कल रात में गैस सिलेंडर लीक हो गया होगा। कमरे में गैस भर गई होगी। सुबह जब घर के सदस्य ने चाय बनाने के लिए गैस जलाई होगी, तभी यह हादसा हुआ।
बहरहाल, पुलिस के बयान और घटनास्थल का नजारा कुछ और ही पेश कर रही है। न तो कमरे में आग लगी है। न ही विस्फोट की गंध है। न ही कहीं विस्फोट होने का कोई दाग ही मिला है। ऐसा भी माना जा रहा है दीवार के पास विस्फोटक पदार्थ रखा गया हो। जिससे दीवार ब्लास्ट में बिखर गया है।


