दूसरे राज्यों से आ रहे श्रमिकों की सूचना पर मुंगेर पुलिस सतर्क, एसपी ने किया चेकपोस्ट का निरीक्षण
मुंगेर। मुंगेर एसपी लिपि सिंह ने कोटा, जयपुर तथा दूसरे राज्यों से छात्रों तथा श्रमिकों के मुंगेर आने की सूचना को लेकर एहतियातन सीमावर्ती चेक पोस्टों का निरीक्षण किया। मुंगेर-लखीसराय जिला की सीमा पर हेमजापुर ओपी अंतर्गत बाहा चौकी पर बने चेकपोस्ट का एसपी ने निरीक्षण किया। हर गाड़ी की चेकिंग का पूर्व में ही निर्देश दिया गया था तथा मुंगेर जिला में प्रवेश करने वाली सभी प्रकार की गाड़ियों की प्रविष्टियों का संधारण किया जा रहा है। हेमजापुर में अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। एसपी ने जवानों के आवासन की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जवानों को सोशल डिस्टेंस व सैनिटाइजेशन के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रमिकों और प्रवासियों से अच्छा व्यवहार करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के जरिए लोगों को संबोधित करने तथा उन्हें प्रशासन के निर्देशानुसार क्वारंटाइन कराने का निर्देश दिया।


एसपी ने शहरी इलाकों के अलावा जमालपुर क्षेत्र का जायजा लिया। जमालपुर सदर बाजार क्षेत्र के सीलिंग एरिया का जायजा लेते हुए जवानों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया। एसपी के साथ सदर एएसपी हरिशंकर कुमार, सर्कल इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह, नोडल पुलिस पदाधिकारी सर्वजीत कुमार, कासिम बाजार थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, जमालपुर थानाध्यक्ष रंजन कुमार, ईस्ट कॉलोनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, पूरबसराय ओपी अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, क्यूआरटी मेम्बर विजेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

