दिल्ली पुलिस को मिली शरजील की ट्रांजिट रिमांड, जहानाबाद से हुआ था गिरफ्तार
CENTRAL DESK : जहानाबाद कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को जेएनयू छात्र शरजील इमाम की ट्रांजिट रिमांड दे दी है। इमाम पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज है। भड़काऊ भाषण देने के आरोपी शरजील इमाम को आज मंगलवार को बिहार के जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अधिकारी ने बताया था कि दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस की एक टीम ने बिहार पुलिस की मदद से शरजील को मंगलवार को जहानाबाद जिले के काको क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस शरजील के पैतृक आवास काको में सोमवार की रात छापेमारी कर उसके भाई मुजम्मिल इमाम को हिरासत में लिया था और उसकी निशानदेही पर लगातार छापेमारी कर रही थी। शरजील की तलाश में कई और जिलों में दबिश डाली जा रही थी। पटना हवाईअड्डे समेत राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई थी। गौरतलब है कि भड़काऊ भाषण देने के आरोप में शरजील के खिलाफ कई राज्यों में मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली में भी शरजील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।


