February 15, 2026

दानापुर विधानसभा : टिकट के खेल में करिश्मा खा गई मात, रीतलाल ने मार ली बाजी, किया नामांकन

पटना। दानापुर विधानसभा क्षेत्र से कभी राजद प्रमुख लालू प्रसाद खुद विधायक बना करते थे। इस बार राजद ने जेल से करीब डेढ़ महीने पहले जमानत पर निकले दंबग प्रवृत्ति के रीतलाल राय को सिंबल थमाकर सबको अचंभित कर दिया। जबकि महीनों पूर्व से इस सीट पर मेहनत कर रही तेज प्रताप यादव की चचेरी साली करिश्मा राय को दरकिनार कर दिया गया। ऐश्वर्या राय की बहन एवं पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पोती करिश्मा राय को उम्मीदवार बनाने के नाम पर ही तीन महीने पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सदस्यता दिलाई गई थी। तेजस्वी से स्वीकृति मिलने के बाद महीने भर पहले से उन्होंने दानापुर में प्रचार कार्य भी शुरू कर दिया था। किंतु टिकट के खेल में करिश्मा मात खा गई और रीतलाल ने बाजी मार ली।
उल्लेखनीय है कि दानापुर सीट से राजद के सिंबल के लिए तीन प्रमुख दावेदार थे। रीतलाल और करिश्मा के अलावा पूर्व डीजी अशोक गुप्ता भी दौड़ में थे। लोकसभा चुनाव में वह निर्दलीय लड़े थे। इस बार राजद से उम्मीदें लगाए थे। यहां तक कि वे लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव से मुलाकात भी कर चुके थे। किंतु बाजी रीतलाल ने मार ली। पहले लालू परिवार के ही कुछ सदस्यों की ओर से रीतलाल का विरोध किया जा रहा था, जिसके चलते उनकी पत्नी को आगे किया गया। सोमवार शाम से देर रात तक रस्साकशी चलती रही और सुबह होते-होते पासा पलट गया और रीतलाल राय खुद अपने नाम से सिंबल जारी कराने में सफल हो गए।
हाथ में सिंबल मिलते ही बिना एक पल गंवाए मंगलवार को दानापुर विधानसभा (186) से राजद उम्मीदवार रीतलाल यादव ने दानापुर अनुमंडल कार्यालय में नामांकन पर्चा भी दाखिल कर दिया। इस मौके पर उनके साथ कई समर्थक भी मौजूद रहे। नामांकन करने के बाद खगौल नगर राजद अध्यक्ष राज किशोर गुप्ता ने बधाई दी। इस दौरान लोगों ने कहा कि बिहार में बदलाव होगा, राजद का अब सरकार होगा।
अब करिश्मा राय के पास विकल्प खत्म
अपने चाचा पूर्व मंत्री व तेजप्रताप के ससुर चंद्रिका राय के परिवार का विरोध करके राजद का दामन थामने वाली करिश्मा राय के पास विकल्प अब खत्म हो गया है। राजद ने पहले एवं दूसरे चरण की अपने हिस्से की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। करिश्मा की दावेदारी परसा और दानापुर सीटों पर थी। परसा से लालू ने छोटे लाल राय को प्रत्याशी बना दिया है। अब दानापुर से रीतलाल पर दांव लगाने के बाद करिश्मा के लिए गुंजाइश खत्म हो गई है।

You may have missed