December 9, 2025

त्याग और बलिदान का त्योहार है ईद-उल-अजहा : सैयद हसन

भागलपुर। खानकाह-ए-पीर दमड़िया के नायब सज्जादानशीं सैयद शाह फखरे आलम हसन ने कहा कि मजहब-ए-इस्लाम में दो ईदें है। एक ईद-उल-फितर और दूसरा ईद-उल-अजहा है। इस ईद-उल-अजहा के मुबारक मौके पर ही इस्लाम धर्म के मानने वाले हज जैसे अजीमुशान फर्ज़ की अदायगी के लिए शहर-ए-मक्का में वे जमा होते हैं। उन्होंने बताया कि इसी ईद-उल-अजहा में पूरी दुनिया के मुसलमान दो रेकत नमाज पढ़कर कुर्बानी करते हैं। यह कुर्बानी हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माइल अलैहि सलाम द्वारा दी गई है। कुर्बानी की याद में इमान वाले अल्लाह के हुजूर पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का मकसद त्याग और बलिदान का जज्बा पैदा करना है। अल्लाह के हुक्म के आगे गलत रास्तों को छोड़ कर नेकियों के रास्ते पर चलना है, साथ ही हर बुराई-नफरत और जुल्म के रास्ते को छोड़कर अदल व इंसाफ के लिए त्याग व बलिदान के रास्ते पर चलना है। उन्होंने कहा कि इस खुशी के मौके पर रिश्तेदारों-दोस्तों और गरीब व असहाय लोगों को जरूर शामिल करना चाहिए। अंत में उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे का पैैगाम भी अपने साथ लाया है, साथ ही साथ उन्होंने कोरोना महामारी को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और लॉकडाउन में केंद्र व बिहार सरकार द्वारा दिए नियमों व सुझावों का पालन करने की गुजारिश की।

You may have missed