February 14, 2026

तेज-तेजस्वी की बढ़ी मुश्किल : राजद नेता हत्याकांड में होगी पूछताछ, हो सकती है गिरफ्तारी

पटना/पूर्णिया। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पूर्णिया में राजद एससी-एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मल्लिक की हत्या मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के दोनों बेटों नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विधायक तेज प्रताप यादव से पूछताछ हो सकती है। पूर्णिया के एसपी विशाल शर्मा ने बताया कि दोनों को इस मामले में नामजद आरोपित बनाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर दोनों से पूछताछ की जाएगी। वहीं कानूनी जानकारों का कहना है कि तेजप्रताप-तेजस्वी दलित नेता हत्याकांड में प्राइम आरोपित हैं, जिससे चुनाव के बीच में भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
बता दें कि शक्ति मल्लिक की हत्या के दो दिन पूर्व एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें तेजस्वी यादव और अनिल साधु का नाम लेते हुए शक्ति ने आरोप लगाया था कि उनसे राजद के टिकट के नाम पर 50 लाख रुपये की मांग की जा रही है। इतने रुपए नहीं दे पाने पर तेजस्वी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें निकल जाने को कहा। जब उन्होंने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह आशंका भी जताई थी कि तेजस्वी उनकी हत्या करा सकते हैं। पुलिस ने तेजस्वी और तेज प्रताप यादव सहित छह लोगों पर पूर्णिया के केहाट थाना में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी-स्वजनों से पूछताछ कर किए गए सीन रीक्रिएट
पुलिस शक्ति मल्लिक के राजनीतिक जुड़ाव, नजदीकी लोगों, आय के स्रोत व लेन-देन के बिंदुओं पर जांच कर रही है। कई लोगों के मोबाइल नंबर भी जांच के दायरे में हैं। सोमवार को भागलपुर से चार सदस्यीय फोरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। शक्ति की पत्नी और स्वजनों से पूछताछ कर सीन रीक्रिएट किया गया। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किये हैं। अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

You may have missed