तेजस्वी सीएम बनने में नहीं, अपनी कुर्सी बचाने की परवाह करें : मंगल पांडेय
पटना। भाजपा नेता एवं पथ निर्माण व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दावा किया है कि एनडीए सरकार तो अपना कार्यकाल पूरा करेगी, लेकिन राजद नेता तेजस्वी यादव शायद ही अपना कार्यकाल प्रतिपक्ष के नेता के रूप में पूरा कर पाएंगे। चूंकि उनके दल में बगावत की तैयारी शुरू हो गई है, इसलिए नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री बनने में नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी बचाने की परवाह करें। बता दें बीते सोमवार को राजद ने बिहार विधानसभा चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा के लिए बैठक बुलायी थी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने विधायकों व वरिष्ठ नेताओं से कहा था कि चुनाव की तैयारी में अभी से ही जुट जाएं, 2021 में फिर से चुनाव होगा। इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने ताबड़तोड़ तेजस्वी यादव पर हमला बोला और बिहार के नीतीश के नेतृत्व में एनडीए सरकार के कार्यकाल पूरे होने का दावा किया।
मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष दिन भर मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने में व्यस्त रहते हैं। लेकिन उनका कोरा सपना कभी साकार नहीं होने वाला है। क्रिकेट और राजनीति में मात खा चुके नेता प्रतिपक्ष इन दिनों ज्योतिष विद्या सीख रहे हैं। यही कारण है कि वे अपने दायित्वों को छोड़ लंबे समय तक राज्य से गायब रहते हैं। श्री पांडेय ने मध्यावधि चुनाव होने की बात को हास्यास्पद करार देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को मालूम होना चाहिए कि सूबे में राजग की मजबूत सरकार है और विकास कार्यों को हर दरवाजे तक पहुंचा रही है, इसलिए तेजस्वी अपने नेताओं और राज्य की जनता को बरगलाने के बजाय अपना कुनबा संभालें, वरना वह दिन दूर नहीं जब उनके माननीय उनकी हरकतों से आजिज होकर उन्हें नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी से भी हटा देंगे।


