तेजस्वी ने सीएम नीतीश के सुशासन राज को बताया ‘राक्षस राज’
पटना। राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला है। जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान तेजस्वी यादव की ओर इशारा करते हुए नीतीश कुमार द्वारा भ्रम फैलाने के आरोप को खारिज करते हुए तेजस्वी ने पलटवार किया कि जनता देख रही है कि कौन संशय फैला रहा है। साथ ही सुशासन के दावे को खारिज करते हुए इसे ‘राक्षस राज’ करार दिया।
तेजस्वी यादव ने पटना में कहा कि बिहार में बीते 15 साल के दौरान 55 घोटाले हुए हैं। मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड एवं सृजन घोटाला तो केवल उदाहरण मात्र हैं। सरकार के लोग राजद काल को ‘जंगल राज’ कहते हैं तो ये कैसा राज है? ये तो राक्षस राज है। विधानसभा में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के खिलाफ प्रस्ताव पर तेजस्वी ने कहा कि अब नीतीश कुमार से नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ भी सहयोग की अपेक्षा है। नीतीश कुमार बिहार को विशेष राज्य का दर्जा भी दिलाएं। तेजस्वी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से भी आग्रह किया कि वह 2011 में हुई जनगणना के जातीय आंकड़े प्रकाशित करे। साथ ही 2021 में जातीय जनगणना भी कराएं।


