February 15, 2026

तेजस्वी ने राजद के परंपरागत सीट राघोपुर से किया नामांकन, सीएम नीतीश को किया खुला चैलेंज

वैशाली। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को वैशाली के राघोपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन कर दिया है। नामांकन के दौरान तेजस्वी के साथ उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव भी मौजूद रहे। बता दें राघोपुर राजद का परंपरागत सीट माना जाता है। इस सीट से लालू यादव, राबड़ी देवी के बाद अब उनके बेटे तेजस्वी किस्मत आजमाते आ रहे हैं। पिछला विधानसभा चुनाव तेजस्वी यहीं से जीत कर विधायक बनेे। जबकि तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप यादव ने मंगलवार को हसनपुर सीट  से नामांकन दाखिल किया है, जिसमें तेज प्रताप के साथ तेजस्वी मौजूद थे। बुधवार को नामांकन के लिए रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव को उनकी मां और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने दही खिलाई, फिर उन्होंने दोनों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और नामांकन के लिए 10 सर्कुलर आवास से हाजीपुर के लिए रवाना हुए। नामांकन के लिए रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने बिहार के मुखिया नीतीश कुमार को चैलेंज करते हुए चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने सीएम नीतीश को चुनौती देते हुए कहा कि मैं तो आज नामांकन करने जा रहा हूं पर वो भी अपने गृह जिले नालंदा का कोई विधानसभा चुन लें और वहां से नामांकन करें। मैं भी वहां से नामांकन करुंगा और उन्हें हरा कर बताउंगा कि जनाधार किसका है। इसके साथ ही तेजस्वी ने कहा कि राघोपुर की जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया है और इस बार भी हमारे साथ है। तेजस्वी ने एक बार फिर दोहराते हुए कहा कि हमारी सरकार आती है तो सबसे पहले 10 लाख बेरोजगारों को नौकरी दूंगा और नियोजित शिक्षकों को सरकार बनने के दिन समान काम समान वेतन की मांग को पूरा करुंगा।

You may have missed