तमिलनाडु में बिहार के चार मजदूरों की सड़क दुघटना में मौत, मचा कोहराम
बेगूसराय। बिहार के चार मजदूरों की तमिलनाडु में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। बताया जाता है कि तमिलनाडु के नामक्कल के पास लॉरी और कार के बीच जबर्दस्त टक्कर हुई। दोनों वाहनों के बीच हुई सीधी टक्कर में आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार लोग बिहार के बेगूसराय के थे। वे सब बलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव के एक ही टोला के रहने वाले थे। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि बलिया निवासी चारों मजदूर वहां मजदूरी करते थे। शनिवार को वे सब मजदूरी कर अपने डेरा लौट रहे थे कि इसी दौरान सड़क हादसे के शिकार हो गए। मृतकों में बलिया भगतपुर के झरी दास का दो पुत्र बबलू दास, धर्मदास व उमेश दास का पुत्र बेचन दास तथा झरी दास का एक नाती शामिल है। उक्त घटना की पुष्टि पंसस बीना देवी व मुखिया जागेश्वर साह ने की है। मौके पर पहुंचे लोगों ने पीडि़त परिवार को सांत्वना दी। यह मनहूस खबर जब पीडि़त परिवार को मिली तो चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण लोग पहुंचकर घटना की जानकारी ले रहे थे।

