BIHAR : डीजीपी पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक मैदान में उतरेंगे गुप्तेश्वर पांडेय, बन सकते हैं एनडीए के उम्मीदवार
पटना। बिहार पुलिस के मुखिया गुप्तेश्वर पांडेय से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं और राजनीतिक में किस्मत आजमाने की तैयारी में हैं। बताया जाता है कि वह पुलिस की नौकरी छोड़कर राजनीति में अपनी नई पारी की शुरूआत करेंगे। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही वे सरकार को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। विधानसभा चुनाव में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को बक्सर या भोजपुर के किसी सीट से एनडीए का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि, जब इसको लेकर डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
बताते चलें कि बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। 31 जनवरी 2019 को उन्हें डीजीपी बनाया गया था। पुलिस महानिदेशक के रूप में गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल 28 फरवरी 2021 को पूरा होने वाला है।


