डिजीटल इंडिया के सपना को पूरा करने में सहायक होगा बामेती में स्थापित इनडोर एवं आउटडोर एचडी वीडियो वॉल : डॉ. प्रेम
फुलवारी शरीफ। बिहार सरकार के कृषि, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को बामेती परिसर एवं बामेती के आडिटोरियम हाल में राज्य योजना मद से इनडोर एवं आउटडोर एचडी वीडियो वाल का शुभारंभ किया। इस मौके पर मंत्री ने बामेती द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक खेती-बारी पत्रिका का विमोचन भी किया तथा बामेती द्वारा संचालित कौशल विकास मिशन योजना के 54 प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र एवं आत्मा, पटना द्वारा गठित किसान सलाहकार समिति के 14 अध्यक्षों के बीच प्रमाण-पत्र और जिला स्तर पर एक किसान गौरव, 08 प्रखंडस्तरीय किसान श्री पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
मंत्री ने कहा कि बामेती के माध्यम से आत्मा के द्वारा किसान श्री, किसान गौरव का पुरस्कार विभिन्न 05 क्षेत्रों में दिया गया है। उसी में से एक पटना जिला के पुरस्कार का वितरण कार्यक्रम संपन्न किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उत्पन्न सम-सामयिक समस्याओं का निराकरण करने हेतु नयी योजनाओं-कार्यक्रमों का सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर किसान सलाहकार समिति का गठन किया गया है। डॉ. कुमार ने कहा कि बामेती में नवस्थापित दो वीडियो वॉल राज्य के किसान भाइयों-बहनों एवं प्रसार कर्मियों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए एक उपकरण के रूप में कार्य करेगी। यहां वीडियो वॉल स्थापित हो जाने से प्रेरणास्रोत बने सफल किसानों की कहानियों का वृतचित्र, पदाधिकारियों के द्वारा प्रस्तुतीकरण के साथ-साथ दूसरे जिलों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक इत्यादि करने में काफी सरल हो जायेगा, जो एक डिजीटल इंडिया के सपना को पूरा करने में एक सार्थक कदम साबित होगा। कोरोना संक्रमण काल में सारे प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है। इस अवसर पर कृषि विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार, निदेशक, बामेती डॉ. जितेन्द्र प्रसार सहित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


