डबल इंजन की सरकार बिहार के विकास में नए आयाम जोड़ रही : अश्विनी चौबे

पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 हजार करोड़ से अधिक सड़क एवं पुल परियोजना के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि इन परियोजनाओं से बिहार के विकास में नए आयाम स्थापित होंगे। रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। डबल इंजन की सरकार बिहार को प्रगति पथ पर ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
श्री चौबे ने आरा-मोहनिया सड़क के चौड़ीकरण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब कैमूर सासाराम पटना से जाना आसान हो जायेगा। लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि बक्सर संसदीय क्षेत्र से सांसद बनने के उपरांत इस सड़क के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर फोरलेन में तब्दील करने की मांग की थी। नितिन गडकरी के प्रयास से मरम्मत का कार्य हुआ था। प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी सौगात दी है।


अश्विनी चौबे ने अपने गृह क्षेत्र भागलपुर में गंगा नदी पर वर्तमान विक्रमशिला सेतु के समानांतर फोरलेन पुल निर्माण परियोजना के शिलान्यास पर कहा कि इस सेतु पर फोर लेन को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हंै। इस फोरलेन पुल निर्माण के शिलान्यास से भागलपुर सहित आसपास के सभी जिलों में खुशी की लहर है। मौजूदा समय में पुल पर जाम की वजह से काफी परेशानी सामना करना पड़ता है। फोरलेन पुल निर्माण से जाम से मुक्ति मिलेगी। कारोबार को गति मिलेगी और रोजगार का सृजन होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु झारखंड से उत्तर बिहार के जिलों में निर्माण सामग्री और खनन उत्पाद की ढुलाई के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रस्तावित पुल से न केवल बिहार के उत्तरी हिस्से के साथ दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड के साथ कनेक्टिविटी में भी अपेक्षित सुधार होगा। इस परियोजना का उद्देश्य सुचारू सुरक्षित और निर्बाध यातायात आवाजाही प्रदान करना है। इस परियोजना से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, जिससे सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। श्री चौबे ने घर तक फाइबर योजना के शिलान्यास पर कहा कि इससे गांव में इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ेगी। डिजिटल इंडिया को मजबूती मिलेगी।

You may have missed