फतुहा : ट्रेन से उतरे यात्री को ठगों ने झांसे में लेकर उड़ाए नकदी समेत कई सामान
फतुहा। गुरुवार को फतुहा स्टेशन पर ट्रेन से उतरे यात्री को ठगों ने झांसे में लेकर 30 हजार रुपये नकद समेत उसके दो बैग लेकर चंपत हो गये। पीड़ित यात्री थाने पहुंच अज्ञात ठगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित यात्री नालंदा जिले के औंगारी थाना क्षेत्र के ओप गांव निवासी शैलेंद्र कुमार हैं।
पीड़ित के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली से चलकर श्रमजीवी एक्सप्रेस से फतुहा स्टेशन पर उतरे। ट्रेन से उतरने के बाद जब उसने इस्लामपुर जाने वाली ट्रेन के बारे में पता लगाया तो एक शख्स ने उसे इस्लामपुर का ही निवासी बताते हुए स्टेशन के बाहर खड़ी सफेद रंग की मारुति में बैठने को कहा। उस शख्स के कहने पर पीड़ित यात्री अपने सामानों के साथ मारुति कार में बैठ गया। मारुति कार चौराहा पर पहुंचते ही पीड़ित यात्री को यह कहकर कार से उतार दिया कि आप यहां पर रुकिए, एक यात्री का सामान लेकर आते हैं। इसके बाद शख्स उसके सामान सहित कार को खुसरुपुर की ओर लेकर चला गया। जब काफी देर तक वह कार नहीं आयी तो पीड़ित यात्री को ठगे जाने की एहसास हुई। पीड़ित यात्री ने बताया कि ठगों ने उसके दो बैग लेकर चंपत हो गये हैं। बैग में तीस हजार नकद के साथ-साथ कपड़े व कुछ बैंक के कागजात थे। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।


