ट्रेन में महिलाएं डरे नहीं, अब उनकी हमसफर हैं ‘मेरी सहेली’
हाजीपुर। अब ट्रेन में कोई महिला अगर अकेली सफर कर रही हैं तो उन्हें बिल्कुल भी डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनकी सुरक्षा मेरी सहेली करेगी। भारतीय रेलवे द्वारा ट्रेन से यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सफर प्रारंभ करने वाले स्टेशन से लेकर गंतव्य स्टेशन तक यानि पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ‘मेरी सहेली’ पहल की शुरूआत की गई है। पूर्व मध्य रेल द्वारा इस दिशा में कदम उठाते हुए धनबाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, दानापुर, पटना, राजेंद्रनगर टर्मिनल, समस्तीपुर, बरौनी तथा मुजफ्फरपुर स्टेशन सहित कुल 08 स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल की महिला टीम का गठन किया गया है, जो महिला रेल यात्रियों के लिए सहेली की भूमिका का निर्वहन कर रही हैं।
रेल सुरक्षा बल की इस पहल में महिला आरक्षी बल यात्रा कर रही महिला यात्रियों, विशेष कर अकेली महिला यात्रियों से निरंतर संपर्क में रहेंगी तथा उन्हें यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सभी सावधानियों से अवगत कराएंगी, साथ ही यह भी बताया जाएगा कि अगर कोच में उन्हें किसी भी तरह की परेशानी होती है तो वह तत्काल रेल सुरक्षा बल की हेल्पलाइन नं. 182 डायल कर अपनी समस्याएं बताएंगी। 182 के माध्यम से कंट्रोल रूम को जैसे ही सूचना प्राप्त होगी, अगले स्टेशन पर वरिष्ट अधिकारियों की निगरानी में उक्त महिला यात्री को सभी प्रकार की सहायता पहुंचायी जाएगी। ट्रेन के गंतव्य तक पहुंचने तक जहां-जहां ट्रेन रूकेगी, वहां-वहां रेल सुरक्षा बल की महिला बल द्वारा यात्रियों से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम पूछा जाएगा।


