PATNA : ट्रक ने बाइक सवार शिक्षकों को कुचला, एक की ट्रेन से कटकर मौत
दनियावां बाजार में ट्रक ने बाइक सवार शिक्षकों को कुचला

फतुहा। पटना जिला के दनियावां बाजार में बाइक सवार दो शिक्षकों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही उच्च विद्यालय शाहजहांपुर के शिक्षक धर्मेद्र कुमार (40 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उक्त स्कूल के प्रभारी संजय कुमार बुरी तरह घायल हो गए। पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय को पीएमसीएच रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेद्र व संजय पटना स्थित अपने आवास से विद्यालय जा रहे थे। इसी क्रम में दनियावां बाजार में हिलसा की ओर से फतुहा की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। दोनों सड़क पर गिर पड़े। धर्मेंद्र के सिर पर ट्रक का पिछला चक्का चढ़ गया। जबकि संजय का हाथ टूट गया। मौके पर पहुंची दनियावां पुलिस ने केस दर्ज कर धर्मेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेज दिया।
दनियावां बाजार हाल्ट के पास ट्रेन से कटकर युवक की मौत
वहीं एक अन्य घटना में दानापुर रेल मंडल के फतुहा-इस्लामपुर रेलखंड पर सोमवार की रात दनियावां बाजार हाल्ट स्टेशन से दो सौ मीटर दूर स्थित एक नर्सिग होम के सामने मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान दनियावां गांव निवासी प्रसादी यादव के पुत्र अजित कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह रेल लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया।

